आयकर विभाग ने सोमवार को कहा कि वित्त वर्ष 2021-22 के लिए अब तक ई-फाइलिंग पोर्टल के जरिये तीन करोड़ से अधिक रिटर्न दाखिल किए जा चुके हैं। विभाग ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘एसेसमेंट ईयर 2022-23 के लिए 25 जुलाई, 2022 तक तीन करोड़ से अधिक आयकर रिटर्न दाखिल किए गए हैं। आयकर रिटर्न दाखिल करने की लास्ट डेट 31 जुलाई, 2022 है।’’
विभाग ने क्या कहा?
लोगों से कहा है कि यदि उन्होंने अभी तक अपना रिटर्न दाखिल नहीं किया है तो वे इसे जल्द से जल्द दाखिल करें। विभाग ने कहा कि वित्त वर्ष 2021-22 के लिए 20 जुलाई तक 2.3 करोड़ आयकर रिटर्न (ITR) भरे गए थे। पिछले वित्त वर्ष (2020-21) में विस्तारित तारीख 31 दिसंबर, 2021 तक कुल 5.89 करोड़ आईटीआर दाखिल किए गए थे।
यह भी पढ़ें- कोल संकट से गौतम अडानी की हो रही जबरदस्त कमाई, अडानी ग्रुप को सरकार की इस कंपनी से मिला बड़ा ऑर्डर
डायरेक्ट टैक्स में बढ़ोतरी
FY23 की पहली तिमाही के दौरान केंद्रीय करों के संग्रह में बढ़ोतरी हुई है। नेट डायरेक्ट टैक्स कलेक्शन बढ़कर ₹3.54 लाख करोड़ से अधिक हो गया। जबकि कुल इनडायरेक्ट टैक्स कलेक्शन Q1FY23 के दौरान ₹3.44 लाख करोड़ से अधिक था। वित्त मंत्रालय में राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने लोकसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में कहा कि कोविड के बाद तेजी से आर्थिक सुधार, सरकार द्वारा उठाए गए विभिन्न उपायों के कारण बेहतर अनुपालन जैसे विभिन्न कारकों ने इस वृद्धि में योगदान दिया है।